मोबाइल से ली गई जंगली जानवर की तस्वीर।
विश्नोहरपुर। जलालपुर गांव के मजरे पूरे अर्जुन में मंगलवार की शाम घर के नजदीक एक खेत में जंगली जानवर दिखने से लोग दहशत में आ गए। वन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन कई घंटे तक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे।
गांव के सनोज कुमार ने बताया कि शाम को रामशंकर के घर के पास धान के खेत में जंगली जानवर खड़ा था। उनका रिश्तेदार मोहित वहीं से गुजर रहा था। उन्होंने दूर से उसका वीडियो बना लिया। जानवर धीरे-धीरे धान के खेत में घुस गया। मोहित ने लोगों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों के एकत्र होने से पूर्व वह जंगली जानवर मौके से जा चुका था।
वन क्षेत्राधिकारी अभिषेक ने वीडियो देखकर बताया कि प्रथम दृष्टया यह फिशिंग कैट प्रतीत हो रही है। टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। जांच के बाद रेस्क्यू कराए जाने की संभावना है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। सपा नेता सूरज सिंह ने भी वन विभाग के अधिकारियों व प्रशासन से टीम भेजकर सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।