गोंडा। कूड़ा-कचरा संग्रहण केंद्र के लिए कलंदरपुर चौबे गांव में 0.081 हेक्टेयर भूमि चिह्नित किए जाने को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने शनिवार को प्रधान के नेतृत्व में प्रदर्शन कर कहा कि कचरा डंप होने से हमारे गांव में बीमारियां फैलेंगी। ग्रामीणों ने कहा कि हम सब गांव से पलायन को तैयार हैं मगर यहां कूड़ाघर नहीं बनने देंगे।
चिह्नित जमीन पर शनिवार को ग्राम प्रधान समेत दर्जनों ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर नगर पालिका के निर्णय पर विरोध जताया। प्रधान दिनेश कुमार शुक्ल ने कहा कि हमारे गांव को नगर पालिका की कोई सुविधा नहीं मिल रही है तो कूड़ा क्यों डंप किया जाएगा। चिह्नित जमीन के पास की स्कूल व लोगों की आबादी है। ऐसे में यहां कूड़ा डंप होने से बच्चों में बीमारियां फैलेंगी। ग्रामीणों ने सदर एसडीएम व स्थानीय लेखपाल को पत्र देकर विरोध जताया। ग्राम प्रधान ने बताया कि यदि कूड़ा डंपिंग सेंटर बना तो वह प्रधान पद से इस्तीफा दे देंगे।
अधिवक्ता कृष्णानंद मिश्र ने कहा कि जिलाधिकारी व नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को मौके पहुंचकर स्कूल व आवासीय आबादी देखना चाहिए। फिर कोई निर्णय लिया जाए। प्रदर्शन करने वालों में रामफेर मिश्र, हनुमंत लाल पांडेय, स्वामी सरन, टीकम शुक्ल, शत्रोहन पांडेय, मस्ताने यादव, इरफान, पीर अली, शिवाकांत, नान्हू, विवेकानंद मिश्र, विश्वनाथ, अंकित, सुनील, विशाल आदि शामिल रहे।