जिले के सभी नौ ब्लॉकों में रविवार को समारोह पूर्वक नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों व सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद जिले की 625 ग्राम पंचायतों में नई सरकार का गठन हो गया। ग्राम पंचायतों के कैबिनेट में दो तिहाई सदस्यों की संख्या पूरी न होने के चलते 176 नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान शपथ नहीं ले सके हैं।
शपथ ग्रहण के बाद अब 26 दिसंबर को निर्धारित पहली बैठक में समितियों के गठन का सुझाव प्रधानों को दिया गया। पहली बैठक के बाद शपथ में शामिल होने वाली ग्राम पंचायतों के सभी बैंक अकाउंट विकास कार्यों के लिए खोल दिए जाएंगे।
बलरामपुर ब्लॉक सभागार में रविवार को बीडीओ शेषमणि सिंह ने 89 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों व सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह का संचालन करते हुए एडीओ पंचायत पवन कुमार श्रीवास्तव ने सभी प्रधानों को बधाई दी। उन्होंने सभी प्रधानों को सुझाव दिया कि 26 दिसंबर को ग्राम पंचायतों में होने वाली पहली बैठक में छह समितियों का गठन अनिवार्य रूप से कर लें।
नियोजन एवं विकास समिति, शिक्षा समिति व प्रशासनिक समितियों का सभापति प्रधान होंगे और सभी समितियों में छह-छह सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित किए जाने का पंचायती राज व्यवस्था में प्रावधान है।
शिक्षा समिति में गांव के अभिभावकों को भी अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा। इसके अतिरिक्त निर्माण कार्य समिति, स्वास्थ्य कल्याण समिति व जल प्रबंधन समितियों के सभापति सदस्य होंगे।
अनुसूचित जन जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ी जाति और महिलाओं की भागीदारी संविधान के अनुरूप सभी समितियों में रखी जाएगी।
26 दिसंबर की पहली बैठक के बाद तत्काल सभी ग्राम पंचायतों के खातों का संचालन शुरू कराकर गांवों में चतुर्थ राज्य, 14वें वित्त व मनेरगा सहित सभी विकास कार्य प्रारंभ कर दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि बलरामपुर ब्लॉक की 27 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को सदस्यों की संख्या पूरी होने के बाद शपथ दिलाई जाएगी।
इसी प्रकार से हरैया सतघरवा ब्लॉक में बीडीओ उपेंद्र पाल ने 86 ग्राम पंचायतों के, तुलसीपुर ब्लॉक में जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी डीडी सिंह ने 88 ग्राम पंचायतों के, गैसड़ी ब्लॉक में नायब तहसीलदार तुलसीपुर संतोष सिंह ने 89 ग्राम पंचायतों के, पचपेड़वा ब्लॉक में बीडीओ रामेंद्र सिंह कुशवाहा ने 81 ग्राम पंचायतों के, श्रीदत्तगंज ब्लॉक में तहसीलदार उतरौला राजपति वर्मा ने 34 ग्राम पंचायतों के, उतरौला ब्लॉक में बीडीओ यशोवर्धन सिंह ने 51 ग्राम पंचायतों के, गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक में बीडीओ एजाज अहमद ने 40 ग्राम पंचायतों के और रेहरा बाजार ब्लॉक में नायब तहसीलदार उतरौला राम खिलावन ने 67 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों व सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
एडीओ पंचायत हरैया सतघरवा विनतीराम, तुलसीपुर राजकुमार गौतम, गैसड़ी मकसूदलहक सिद्दीकी, पचपेड़वा राधेश्याम, श्रीदत्तगंज हनुमान प्रसाद वर्मा, उतरौला जलालुद्दीन, रेहरा बाजार फागूराम व गैड़ास बुजुर्ग बाबूराम पांडेय ने शपथ ग्रहण समारोह का संचालन करते हुए सभी ग्राम प्रधानों से 26 दिसंबर को होने वाली बैठक में कैबिनेट का गठन पूरा करके छह कमेटियों में नवनिर्वाचित सदस्यों की भागीदारी संविधान के अनुरूप सुनिश्चित करने का सुझाव दिया।
शपथ ग्रहण करने के बाद सभी नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों ने एक-दूसरे को बधाई देकर गांव का विकास कराने का संकल्प लिया।
सभी ब्लॉकों के ग्राम प्रधानों ने कहा कि जनता से किए गए वादों के अनुरूप कार्य किया जाएगा। गांव में सड़क, नाली, खड़ंजा व चकरोड निर्माण के साथ-साथ सभी विकास कार्य कराए जाएंगे। गरीबों व पात्रों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।