डुमरियाडीह/गोंडा। नेपाल में हिंसक प्रदर्शन का असर वजीरगंज के सब्जी व्यवसाय पर भी पड़ा है। वजीरगंज के सब्जी व्यवसायी लौकी, बैगन, घुइया, फूल व पत्ता गोभी रुपईडीहा तक भेजते हैं। जहां से नेपाल के आढ़ती उसे अपने देश की विभिन्न सब्जी मंडियों में भेजते रहे हैं। नेपाल में हिंसक प्रदर्शन शुरू होने के बाद से सब्जी व्यवसायी मायूस हैं। वहीं, ट्रेनों पर भी इसका असर पड़ा है।
बरसात का समय व सब्जी उत्पादन में कमी के चलते व्यवसाय वैसे ही मंदा था, नेपाल में हिंसक प्रदर्शन ने इसे पूरी तरह ठप कर दिया है। सब्जी किसान शशिकांत मौर्य, अंगद मौर्य, बब्बन मौर्य, इरफान, शिवम कसौंधन, रामपाल, बदलू प्रसाद, आदित्य, शाहिद, विशाल व सुरजीत मौर्य ने बताया कि नेपाल के आढ़ती संघर्ष का हवाला देकर सब्जी नहीं खरीद रहे हैं। इसके चलते रुपईडीहा मार्ग से होने वाला सब्जी का व्यवसाय पूरी तरह ठप हो गया है।
सब्जी व्यवसायी मो. बबलू का कहना है कि वजीरगंज से कई टन सब्जी प्रतिदिन रुपईडीहा जाती थी। नेपाल में आंदोलन की वजह से सब्जी नहीं भेज पा रहे हैं। इससे व्यवसाय पर काफी असर पड़ा है। आदित्य मौर्य ने बताया कि क्षेत्र का मुख्य व्यवसाय सब्जी है, लेकिन इन दिनों सब्जियों का परिवहन न होने की वजह से कारोबार प्रभावित है। शशिकांत मौर्य ने बताया कि बीते मंगलवार से एक भी वाहन नेपाल नहीं गया है। रवि निषाद व अंगद मौर्य ने बताया कि वह लोग रोज सब्जियों की खेप नेपाल भेजते थे, इस समय काम पूरी तरह से ठप है।
नेपाल में हिंसा के चलते परिवहन निगम ने रुपईडीहा डिपो से 15 बसों का संचालन बंद कर दिया। निगम प्रबंधन ने यात्रियों की कमी के कारण यह निर्णय लिया है। देवीपाटन क्षेत्र के आरएम अरविंद कुमार ने बताया कि नेपाल में बिगड़े हालात से वहां से आने-जाने वाले यात्री कम हो गए। ऐसे में यह निर्णय लिया गया। वहीं, गोंडा से होकर पांच ट्रेनें बढ़नी, गोरखपुर व बहराइच जाती थीं। इन ट्रेनों से नेपाल जाने के लिए लोग सफर करते थे। मौजूदा हालात में इस रूट पर यात्रियों की संख्या आधी हो गई है।
पेट्रोलियम पदार्थों का कारोबार भी ठप
बहराइच रोड के इंडियन ऑयल डिपो के पास खड़े नेपाल के टैंकर में मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि परिजनों से कभी-कभी बात हो जाती है। इस समय नेपाल में नेटवर्क की समस्या है। शुक्रवार को भी कोई गाड़ी यहां से न तो डीजल व पेट्रोल लेकर गई है और न ही आई है। यही हाल, गल्ला व्यापार का भी है। गल्ला व्यापार संघ के अध्यक्ष विकास जैन का कहना है कि नेपाल में हालात अभी जस के तस हैं। सारे ऑर्डर ठप हैं।