गोंडा। लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर 31 अक्तूबर को जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसके साथ ही एक से सात नवंबर तक विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में निबंध, भाषण, चित्रकला व रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनके माध्यम से नई पीढ़ी को सरदार पटेल के विचारों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रमों का आयोजन भाजपा की ओर से शिक्षा विभाग के सहयोग से किया जाएगा।
भाजपा के जिला महामंत्री राकेश तिवारी ने बताया कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर 31 अक्तूबर से 25 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें एक से सात नवंबर तक स्कूल-कॉलेजों में विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 11 व उसके ऊपर के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। रंगोली में कक्षा छह व उससे ऊपर के विद्यार्थी और चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थी हिस्सा ले सकते हैं। निबंध प्रतियोगिता में कक्षा नौ व उससे ऊपर की कक्षाओं के विद्यार्थी भाग लेंगे। (संवाद)