गोंडा। शहर में बृहस्पतिवार को भाजपा की ओर से निकाली गई तिरंगा यात्रा में देशभक्ति का जोश पूरे चरम पर दिखा। अंबेडकर चौराहे से शुरू हुई पदयात्रा में हाथों में तिरंगा लिए कार्यकर्ता, आमजन और स्कूली बच्चे शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से शहर का माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा। रास्ते में कई जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद रेखा वर्मा भी यात्रा में शामिल हुईं। जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने माल्यार्पण कर यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा शहीदे आजम भगत सिंह इंटर कॉलेज, लाल बहादुर शास्त्री चौराहा और श्री गुरुनानक चौराहा होते हुए टाउनहाल पहुंची, जहां सभा के साथ इसका समापन हुआ। जिला संयोजक एवं महामंत्री राकेश तिवारी ने यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, विधायक रमापति शास्त्री, बावन सिंह, अजय सिंह, प्रभात वर्मा, प्रतीक भूषण सिंह, विनय द्विवेदी,विधान परिषद सदस्य अवधेश सिंह, पूर्व अध्यक्ष सूर्य नरायन तिवारी, भाजपा के रायबरेली जिला प्रभारी पीयूष मिश्र, सांसद प्रतिनिधि कमलेश पांडेय, उपाध्यक्ष अर्जुन तिवारी, वंदना गुप्ता, नीरज मौर्य, विशाल अग्रवाल, जनार्दन प्रसाद, प्रमोद चंचल, महेश तिवारी आदि मौजूद रहे।
महापुरुषों को नमन और राष्ट्रप्रेम का संदेश देने निकली तिरंगा यात्रा : रेखा वर्मा
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले महापुरुषों को याद कर उन्हें नमन करना और लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा राष्ट्रीय एकता और देश के गौरव का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करना चाहिए। हर घर तिरंगा अभियान को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि किसी की मानसिकता पर टिप्पणी करने की आवश्यकता नहीं है। सभी को तिरंगे का सम्मान करना चाहिए।
शहर में तिरंगा यात्रा निकालते लोग। संवाद
शहर में तिरंगा यात्रा निकालते लोग। संवाद