पोलियो व अन्य पांच बीमारियों से बच्चों को बचाने के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। अभियान चलाकर बच्चों को वैक्सीन का इंजेक्शन लगवाया जाएगा। कोल्ड चेन हैंडलर व डाटा हैंडलर को दिशा-निर्देश जारी कर दिया गया है।
ये बातें सीएमओ डॉ. जयंत कुमार ने शनिवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय में सभी नौ ब्लाकों के कोल्ड चेन हैंडलर व डाटा हैंडलर की कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि जनपद के सभी कोल्ड चेन हैंडलर व डाटा हैंडलर वैक्सीन लगवाने में पूरी तरह से जुट जाएं। डीआईओ डॉ. एके सिंहल ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि साढ़े तीन माह से एक साल तक के बच्चों को इन एक्टिवेटेड वैक्सीन लगाकर बच्चों को पोलियो मुक्त किया जाएगा।
इसी प्रकार से पेंटा वैलेंट की तीन वैक्सीन बच्चों को लगाकर पांच बीमारियों से निजात दिलाई जाएगी। वैक्सीन की पहली डोज बच्चे के पैदा होने के डेढ़ माह पर, दूसरी डोज ढाई माह पर और तीसरी डोज साढ़े तीन माह पर दी जाएगी।
कार्यशाला के माध्यम से सभी कोल्ड चेन हैंडलर व डाटा हैंडलर को तमाम जानकारियां दी गईं। एसएमओ डॉ. जिंदल, डीपीएम शिवेंद्र मणि त्रिपाठी व विनोद कुमार आदि ने कार्यशाला में वैक्सीन के महत्व पर प्रकाश डाला।