गोंडा। कोरोना संक्रमण से निजात पाने के लिए हो रहे टीकाकरण अभियान के तहत सोमवार को जिले के 25 अस्पतालों में फ्रंटलाइन वर्करों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। टीकाकरण के लिए 3372 फ्रंट लाइन वर्करों को चयनित किया गया था। जिसमें राजस्व विभाग, पंचायती राज विभाग, नगर पालिका, कृषि विभाग, पुलिस विभाग समेत अन्य विभागों के फ्रंट लाइन कार्यकर्ता शामिल हैं।
सोमवार टीका लगवाने वालों में अधिकतर पुलिसकर्मी शामिल थे। दूसरे चरण में कोरोना काल मे अपनी विशेष सेवा देने वाले फ्रंट लाइन वर्करों को टीका लगने के बाद टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू होगा। वहीं अभियान के आखिरी दिन टीकाकरण से वंचित फ्रंट लाइन वर्करों को एक मौका और दिया जाएगा।
दूसरे चरण में किसी कारणवश टीकाकरण से वंचित रह गए फ्रंटलाइन वर्करों को टीका लगवाने का एक और अवसर दिया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ देवराज ने बताया कि जिन फ्रंटलाइन वर्करों को टीका नहीं लग पाया है उन्हें 25 फरवरी को टीका लगवाने का एक और अवसर प्रदान किया जाएगा।
वहीं मार्च महीने के दूसरे सप्ताह में टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत हो सकती है। जिसमें जिले के 50 वर्ष से अधिक उम्र वाले बुजुर्गों व बीमार व्यक्तियों को टीका लगाया जाएगा। जिसके लिए जनपद के 5 लाख 73 हजार लोगों की सूची बनाकर तैयार की गई है। स्वास्थ्य विभाग 50 वर्ष से अधिक उम्र वाले नागरिकों को 4400 सत्रों में टीका लगाए जाने की योजना तैयार कर रहा है।