गोंडा। कोरोना संक्रमण के खात्मे के लिए टीकाकरण अभियान जुलाई माह से रफ्तार पकड़ेगा। टीकाकरण की गति बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग माइक्रो प्लान तैयार कर रहा है।
जुलाई से कोरानारोधी टीका लगवाने के लिए स्लॉट बुकिंग की आवश्यकता नहीं होगी बल्कि लोगों को घर-घर टीकाकरण के लिए बुलावा पर्ची पहुंच जाएगी। जिसमें टीकाकरण की तिथि, समय व स्थान लिखा होगा। लोगों की सुविधा के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के घरों के पास ही टीकाकरण कैंप लगाए जाएंगे।
कोविड टीकाकरण में तेजी लाने को अगले माह से घर के पास केंद्र बनाकर लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। लोगों को उसी तर्ज पर बाकायदा ‘बुलावा पर्ची’ भेजी जाएगी जैसे लोकसभा-विधानसभा चुनावों में मतदान के लिए भेजी जाती है।
टीकाकरण की तिथि और स्थान का उल्लेख होगा। इसमें ग्राम प्रधान, लेखपाल, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक, पंचायत सेक्रेटरी और युवक मंगल दल व महिला मंगल दल का सहयोग लिया जाएगा।
शुक्रवार को डिप्टी सीएमओ डॉ मनोज कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विकास खंड को तथा शहरी क्षेत्र में शहरी निकाय को इकाई के रूप में लेकर कार्ययोजना बनानी है। इन इकाइयों को क्लस्टर्स में विभाजित किया जाएगा ताकि एक माह के अंदर टीकाकरण टीमें सभी क्लस्टर्स में पहुंच जाए।
बताया कि कार्ययोजना के मुताबिक, प्रत्येक क्लस्टर के लिए टीकाकरण की तिथियों एवं स्थान पूर्व से घोषित किए जाएंगे। इन सभी स्थलों पर वहीं रजिस्ट्रेशन करने की सुविधा होगी और घर के नजदीक केंद्र बनाकर टीकाकरण किया जाएगा। पंचायत घर, विद्यालय भवन या अन्य सरकारी परिसर का उपयोग होगा।
क्लस्टर में टीकाकरण टीम के पहुंचने से पहले उस क्लस्टर की मोबिलाइजेशन टीम तीन दिन तक लोगों को वैक्सीन व वैक्सीनेशन के बारे में जानकारी देने के साथ संशय मिटाने का कार्य करेगी। हर क्लस्टर में 18 साल से अधिक उम्र के लोगों की आबादी करीब-करीब समान हो ताकि चार से छह दिन में उन सभी का टीकाकरण किया जा सके।
क्लस्टर के विभाजन में मतदाता सूची सहायक हो सकती है। आशा के माध्यम से लोगों के घरों पर ‘बुलावा पर्ची’ मिलेगी। जिसमें टीकाकरण तिथि और स्थान का उल्लेख होगा। ग्राम प्रधान, लेखपाल, आशा-आंगनबाड़ी, प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक, पंचायत सेक्रेटरी और युवक मंगल दल/महिला मंगल दल के सदस्य टीकाकरण में सहायता करेंगे। टीकाकरण के बाद व्यक्ति में किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में 108 एंबुलेंस को तत्काल बुलाया जाएगा और संबंधित को ब्लाक स्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया जाएगा।