करनैलगंज। एक गांव निवासी व्यक्ति की तहरीर पर पुलिस ने अभिषेक उर्फ बब्बी निवासी ग्राम भदैया डीहा थाना कटरा बाजार के विरुद्ध गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
आरोपी पर इंटरमीडिएट की छात्रा पर अवैध संबंध बनाने का दबाव डालने, विरोध करने पर एआई तकनीक से अश्लील फोटो व वीडियो संपादित कर वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, छात्रा को बदनाम करने के उद्देश्य से इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर डालकर बदनामी की जा रही थी। इससे छात्रा सहित पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान है।
पीड़ित ने बताया कि शिकायत पांच नवंबर को कोतवाली में दी गई थी, लेकिन पुलिस ने एसपी कार्यालय में गठित आईटी सेल में जाने की सलाह देते हुए तहरीर वापस कर दी थी। बाद में एसपी के आदेश पर केस दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह ने बताया कि प्रकरण में विधिक कार्रवाई की जा रही है।