गांजा तस्करी के आरोप में पकड़ा गया आरोपी रवि चौहान।
गोंडा। जिले में किशोर को कम उम्र में अधिक कमाई का झांसा देकर शातिर बदमाश लाखों रुपये की गांजा तस्करी कर मोटी कमाई कर रहा था। मंगलवार को नगर कोतवाली व एसओजी पुलिस टीम ने शातिर को गिरफ्तार कर खुलासा किया है। आरोपी के कब्जे से एक कुंतल गांजा व तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है। साथ ही पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
एसपी विनीत जायसवाल के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर सोमवार देर रात महादेवा क्राॅसिंग से नगर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक रजनीश द्विवेदी व एसओजी प्रभारी शादाब आलम की अगुवाई में बस्ती जिले के हर्रैया थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरादीपुर गांव निवासी रवि चौहान उर्फ सुड्डू को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 101 किलोग्राम गांजा और बाइक बरामद किया। पुलिस ने इस मामले में शामिल एक किशोर को भी संरक्षण में लिया है। पूछताछ में सुड़्डू ने कुबूल किया कि किशोर के जरिए आसानी से जिले में गांजा तस्करी कर मोटी कमाई कर रहा था। एसपी ने बताया कि 25 लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपी को जेल भेज दिया गया है। साथ ही छानबीन की जा रही है।
बिहार, ओडिशा और असम से भी जोड़ा तार
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। शातिर तस्कर ने साथियों की मदद से बिहार, ओडिशा और असम तक गांजा तस्करी की बात स्वीकार की है। वहीं बस्ती व अयोध्या समेत अन्य जिलों में सक्रियता की बात सामने आई है। पूछताछ में बताया कि शौक पूरा करने के लिए लगातार सक्रिय होकर गांजे की तस्करी कर रहा था।
आरोपी पर दर्ज हैं आधा दर्जन मुकदमे
नगर कोतवाल मनोज पाठक ने बताया कि आरोपी रवि चौहान बस्ती जिले का सक्रिय बदमाश है। उसके खिलाफ बस्ती के कप्तानगंज, हरैया, छावनी थाने में जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस समेत कई गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज है। आरोपी ने हाल में ही गोंडा जिले को अपना नया ठिकाना बनाया था। साथ ही सक्रिय होकर गांजा तस्करी कर मोटी कमाई कर रहा था।