कौड़िया के बेलवाभान में बुधवार को जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि और ग्राम प्रशासक समेत दर्जन भर लोगों ने भाजपा के जिला उपाध्यक्ष के दो बेटों को पीटकर लहूलुहान कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में स्थानीय थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। गांव निवासी भाजपा नेता हरीश कुमार शुक्ल ने बताया कि बुधवार को उनके खेत के पास जेसीबी मशीन चलने की आवाज आई। इसे देखने उनके दोनों बेटे चंद्रभूषण और रघुकुल भूषण खेत की तरफ गए।
आरोप है कि वहां पहले से मौजूद जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मनोज, ग्राम प्रशासक विवेक, संजय, कौशल किशोर, राजित राम, राजू राम, प्रथम, प्रशांत, विजय, अजय, दुर्गेश और प्रवेश ने वीडियो बनाने का आरोप लगाते हुए दोनों पर लाठी-डंडों व लात-घूंसों से हमला कर दिया।
शोर सुनकर परिजन वहां पहुंचे तो चंद्रभूषण बेहोशी की हालत में पड़ा था। आरोप है कि हमलावर उस समय भी उसकी पिटाई कर रहे थे। परिजनों के बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़ित जान बचाकर घर की ओर भागे तो हमलावर पीछा करते हुए घर के अहाते में घुस गए और वहां भी पिटाई की की। लोगों के जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर एक आईफोन भी छीन ले गए थे, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद किया। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर 12 आरोपियों के खिलाफ मारपीट, बलवा सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। घायल युवकों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
पांच लोगों पर क्रॉस रिपोर्ट दर्ज
मामले में दूसरे पक्ष के संजय कुमार शुक्ल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बुधवार सुबह अपने बड़े भाई मनोज शुक्ल के साथ घर के पीछे स्थित सरकारी तालाब के पास खड़े थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के रघुकुल भूषण, चंद्रभूषण, हरीश, नवनाथ और आनंद वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार जान बचाने के लिए दोनों भाई घर के भीतर भाग गए, लेकिन आरोपियों ने घर में घुसकर भी मारपीट की।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई और घर में रखे सामान को नुकसान पहुंचाते हुए तोड़फोड़ की गई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर पीड़ितों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।