इटियाथोक/झंझरी। बलरामपुर-गोंडा मार्ग पर पारासराय गांव के पास शुक्रवार की भोर बलरामपुर से आ रही एसयूवी बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इसमें चालक व छह बराती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
नवाबगंज के तुलसीपुर माझा निवासी दीनानाथ उर्फ दिनेश (55) ने बताया कि गांव के राममहेश यादव के बेटे गुलशन यादव की बृहस्पतिवार को बलरामपुर में शादी थी। वह अपने भाई मुन्नालाल (50), तारामन (46), बेटे सोनू (20), संतोष उर्फ डीके (9) व गांव के कृष्ण कुमार (40) और चालक नौमीलाल (25) के साथ एसयूवी से बरात में गए थे। वहां से शुक्रवार की भोर सभी लौट रहे थे।
रास्ते में बलरामपुर-गोंडा मार्ग पर इटियाथोक के पारासराय गांव के पास चालक को झपकी आ गई। इससे एसयूवी बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इसमें सभी घायल हो गए। एसयूवी का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।