गोंडा। कौड़िया थाना क्षेत्र में सोमवार को पहले चाचा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्हें देखकर घबराई भतीजी ने भी जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। चाचा-भतीजी को पीएचसी से जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चा है।
पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अजय कुमार यादव ने बताया कि कौड़िया के चिलबिला महास गांव निवासी वसीम (30) तथा उसकी भतीजी रूबीना (22) ने सोमवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। ग्रामीणों ने दोनों को पीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक स्तर पर इलाज करके दोनों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
थानाध्यक्ष विद्यासागर पांडेय ने बताया कि उन्हें घटनाक्रम की कोई सूचना नहीं है। दोनों ने किस कारण से जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया, इसकी जांच कराई जाएगी। तहरीर मिलने पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा भी दर्ज होगा।