धनतेरस पर नागेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने सोमवार की सुबह मोटरसाइकिल से अयोध्या जा रहे दो युवकों को गोंडा-फैजाबाद मार्ग पर बालापुर गांव के पास रोडवेज बस ने कुचल दिया। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची नवाबगंज पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के उमरी गांव का रहने वाला विनोद पाठक (35) परसपुर बाजार में स्थित शराब की एक दुकान पर सेल्समैन था।
वह सोमवार की सुबह परसपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर धनावां गांव के रहने वाले किराना व्यवसायी राम कुमार गुप्ता (45) के साथ बाइक से नागेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए अयोध्या जा रहा था।
इसी दौरान जब वह दोनों गोंडा-फैजाबाद मार्ग पर नवाबगंज थाना क्षेत्र के बालापुर गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद चालक बस लेकर मौके से भाग निकला। जलाभिषेक करने के लिए जा रहे राहगीरों ने हादसे की खबर नवाबगंज पुलिस को दी। इसके पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष नवाबगंज रामनगीना सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बस और चालक का पता लगाया जा रहा है।