ट्रैक पर पलटे मालगाड़ी के डिब्बे।
गोंडा। गोंडा जंक्शन यार्ड में लाइन नंबर-7 पर रेलवे ओवरब्रिज के पास मंगलवार रात 9:48 बजे मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना गोंडा और गोंडा कचहरी स्टेशन के बीच हुई।
सूचना मिलते ही दुर्घटना राहत यान के साथ इंजीनियरिंग और परिचालन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। रातभर काम चला। करीब 14 घंटे की मशक्कत के बाद बुधवार दोपहर 12:20 बजे ट्रैक पर यातायात सामान्य हो सका।
घटना की सूचना पर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गौरव अग्रवाल और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अरिजीत सिंह मौके पर पहुंचे। डीआरएम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली। पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश दिए।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार पहला वैगन बुधवार सुबह 9:15 बजे और दूसरा 11:16 बजे दोबारा पटरी पर चढ़ाया गया। इसके बाद ट्रैक की मरम्मत और सुरक्षा जांच पूरी की गई। दोपहर 12:20 बजे ट्रैक को फिट घोषित कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मालगाड़ी के डिब्बों के पटरी से उतरने के बाद रेल यातायात पूरी तरह बाधित नहीं हुआ।
ट्रेनों का संचालन मुख्य लाइन से कराया गया, हालांकि सुरक्षा कारणों से कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोके रखा गया।