इटियाथोक। दुलहापुर पहाड़ी गांव में बृहस्पतिवार रात चार पशु तस्करों ने गन्ने के खेत में एक सांड़ को पेड़ से बांध दिया। तस्कर उसे काटने की तैयारी कर रहे थे। इस बीच आहट पाकर ग्रामीणों ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। इससे दो ग्रामीण घायल हो गए। एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया गया। तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर साइकिल, तराजू, चाकू, कुल्हाड़ी और चापड़ बरामद किया है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पन्ना बगुलहा गांव निवासी विनय मौर्य ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रात नौ बजे वह खेत जा रहे थे। इसी दौरान दुलहापुर पहाड़ी गांव के भुसैली क्षेत्र में गन्ने के खेत से एक सांड़ की आवाज सुनाई दी। उन्होंने तुरंत अन्य ग्रामीणों को बुलाया और मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार, गन्ने के खेत में एक सांड़ को शीशम के पेड़ से बांधकर रखा गया था। वहां चार लोग मौजूद थे। ग्रामीणों को देखते ही चारों भागने लगे। इस दौरान एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया और भागने लगा, इससे गांव के अरुण और अतुल घायल हो गए।
ग्रामीणों ने पीछा करके अशरफ अली निवासी लोनावा दरगाह, थाना खरगूपुर को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। उसके तीन साथी मौके से भाग गए। प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि अशरफ व उसके तीन साथियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।