गोंडा। अयोध्या में श्रीराम मंदिर बनने के साथ ही रेलवे लखनऊ डिवीजन जल्द ही रामघाट रेलवे स्टेशन का कायाकल्प करेगा। इसके साथ ही गोरखपुर से गोंडा होकर मुंबई के लिए दो यात्री ट्रेनें संचालित करने का प्रस्ताव भेजा गया है।
पूर्वोत्तर रेलवे का लखनऊ डिवीजन पूर्णत: पेपरलेस कर दिया गया है। कोविड-19 की वजह से यात्री ट्रेनें न चलने के कारण रेलवे को काफी घाटा हुआ है। इसकी पूर्ति के लिए मालभाड़े पर फोकस किया जा रहा है। ये बातें सोमवार शाम लखनऊ डिवीजन में आयोजित वर्चुअल मीट के दौरान मंडल रेल प्रबंधक डॉ. मोनिका अग्निहोत्री ने कहीं।
डीआरएम डॉ. मोनिका अग्निहोत्री ने कहा कि कोरोना काल में यात्री ट्रेनें न चलने से रेलवे को काफी घाटा हुआ है। जिसकी पूर्ति के लिए मालभाड़े पर फोकस किया जा रहा है। इसके लिए रोडमैप भी तैयार कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मालगाड़ियों का संचालन अधिक से अधिक हो, इसके लिए भी कार्ययोजना बनाई गई है। पूर्वोत्तर रेलवे का लखनऊ डिवीजन पूर्णतया पेपरलेस दफ्तर बन गया है।
डीआरएम ने बताया कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण के मद्देनजर लखनऊ डिवीजन के अंतर्गत नयाघाट रेलवे स्टेशन का लुक बदलने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही मनकापुर, नवाबगंज व टिकरी रेलवे स्टेशनों का भी कायाकल्प किया जाएगा।
डीआरएम ने बताया कि वर्तमान समय में यात्रियों की भीड़ देखते हुए गोरखपुर से गोंडा होकर मुंबई के लिए दो यात्री ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि गोंडा रेलवे कॉलोनियों के क्वार्टरों की छत से पानी टपकने की शिकायत मिली है। जिसे बहुत जल्द ही दूर कर लिया जाएगा।