गोंडा। परसपुर के प्राथमिक विद्यालय पूरेसंगम के प्रभारी प्रधानाध्यापक गया प्रसाद व सहायक अध्यापक मुकेश यादव को डीएम के निरीक्षण के दौरान बिना सूचना के नदारद पाए जाने पर बीएसए ने निलंबित कर दिया है। वहीं, सात से 13 सितंबर के बीच 25 शिक्षक व कर्मचारी अनुपस्थित मिले हैं, इन सभी से जवाब मांगा गया है।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने नौ सितंबर को प्राथमिक विद्यालय पूरे संगम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक गया प्रसाद और सहायक अध्यापक मुकेश यादव बिना किसी सूचना के स्कूल से नदारद पाए गए। बीएसए अतुल कुमार तिवारी का कहना है कि संबंधित क्षेत्र में सभी अधिकारियों के मौजूद होने के साथ ही जिले के प्रभारी मंत्री का दौरा भी था। इसके बावजूद संबंधित स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापक बिना किसी सूचना के नदारद रहे। यह गंभीर स्थिति है, ऐसे में दोनों को निलंबित करने के साथ ही मामले की जांच वजीरगंज बीईओ हेमलता त्रिपाठी और बीईओ मनकापुर अंजनी कुमार सिंह को सौंपी है।
बीते सात से 13 सितंबर के बीच बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों के निरीक्षण की रिपोर्ट सामने आई है। इसमें 25 प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, शिक्षामित्र व अनुदेशक बिना सूचना के विद्यालय से नदारद पाए गए हैं।
बीएसए अतुल कुमार तिवारी ने बताया कि सभी शिक्षकों को स्कूल टाइम में शैक्षणिक कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। ड्यूटी से गैर हाजिर पाए गए शिक्षकों व अन्य को नोटिस दिया गया है। पांच दिन में जवाब तलब किया गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर ठोस कार्रवाई की जाएगी।