गोंडा। परसा सोहसा गांव में सोमवार की देर शाम मतगणना का परिणाम आते ही कुछ युवकों ने पूर्व ग्राम प्रधान के घर के सामने पटाखा फोड़ दिया। इसको लेकर दो पक्षों में बवाल हो गया। दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई। मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
कोतवाली देहात की सालपुर पुलिस चौकी प्रभारी कामेश्वर राय ने बताया कि पंचायत चुनाव की मतगणना के दौरान सोमवार को परसा सोहसा गांव के ग्राम प्रधान पद का परिणाम आया तो गांव के मुन्नवर समेत कुछ युवक पूर्व ग्राम प्रधान मयाराम वर्मा के घर के सामने का परिणाम आते ही पटाखा फोड़ दिए।
इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई। चौकी प्रभारी ने बताया कि मामले में मारपीट समेत विभिन्ना धाराओं में मुन्नवर समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अभियुक्त मुन्नवर समेत दोनों पक्षों के छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।