टिकरी। अयोध्या में सेल्फी ले रहे एक युवक को कार सवार कुछ अज्ञात लोगों ने रोककर पीटा। क्षेत्रीय लोगों के जुटने पर आरोपी कार छोड़कर भाग निकले। जिसमें विधायक की पट्टिका लगी हुई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। एसओ नवाबगंज अभय सिंह ने बताया कि बाबागंज धानेपुर निवासी शिवम सोनी अपने ममेरे भाई प्रेम सोनी की शादी में शामिल होने रविवार को सिकंदरपुर थाना परसरामपुर बस्ती गए थे। वहां से बरात में आए बाउंसरों को छोड़ने के लिए वह अपनी स्कार्पियो से लता मंगेशकर चौराहा अयोध्या आए।
बाउंसरों को उतारने के बाद शिवम चौराहे पर सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान एक वैगनआर में सवार पांच लोग शराब के नशे में वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। शिवम के मना करने पर उन्होंने धमकी दी और वहां से चले गए। रात करीब दो बजे जब शिवम अपनी स्कार्पियो से बरात जा रहे थे, तभी एक होटल के पास वैगनआर सवारों ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने शिवम को गाड़ी से खींचकर पीटा और जान से मारने की धमकी देते हुए कार छोड़कर चले गए। उन्होंने बताया कि आरोपियों की कार बरामद कर ली गई है। कार में विधायक की पट्टिका लगी मिली है। पता लगाया जा रहा है कि किसकी कार है। (संवाद)