विश्नोहरपुर (गोंडा)। तुलसीपुर माझा गांव में शुक्रवार को डीएम की चौपाल शुरू होने से पहले वर्चस्व कायम करने के लिए दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। डीएम के सामने मामला पहुंचा तो उन्होंने दोनों पक्षों के पांच लोगों को हवालात भेज दिया।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि तुलसीपुर माझा में शुक्रवार को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लालजी सिंह और अनिल सिंह के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई शुरू हो गई। डीएम की चौपाल शुरू होने से पहले वर्चस्व कायम करने के लिए दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। हालांकि डीएम के आगमन से पूर्व वहां मौजूद नवाबगंज थाने के पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद चौपाल में डीएम नेहा शर्मा को मारपीट की जानकारी हुई तो उन्होंने थानाध्यक्ष को बुलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग करने के आरोप में कार्रवाई की गई है। गांव में कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए फोर्स तैनात की गई है।
महिला को बेवजह पीटा, केस दर्ज
वजीरगंज (गोंडा)। चंदापुर पूरे शंकर निवासी ऊषा ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि वह अपने खेत से घर लौट रही थीं। तभी रास्ते में भालू, संतोष व मस्तराम यादव ने बिना वजह अभद्रता करते हुए लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। थानाध्यक्ष संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। (संवाद)