लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात करतेकरनैलगंज विधायक अजय सिंह। स्रोत: सोशल मीडिया
पसका। करनैलगंज विधायक अजय सिंह ने सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करके क्षेत्र के विकास कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने मांगपत्र देकर लखनऊ-गोंडा राजमार्ग पर विधानसभा क्षेत्र की दो प्रमुख रेलवे क्रॉसिंग पर उपरिगामी सेतु के निर्माण की मांग की। विधायक ने बताया कि ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक बंद रहने से अक्सर जाम लग जाता है और आपात सेवाएं भी प्रभावित होती हैं। उन्होंने चरहुआं व कडरू में सीसी मार्ग तथा धनुही-रमवापुर संपर्क मार्ग समेत क्षेत्र में कई विकास कार्य कराने की मांग भी रखी।
विधायक ने मुख्यमंत्री से सरयू नदी की ड्रेजिंग कराकर चैनलाइजेशन कराने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि सरयू का मार्ग करनैलगंज क्षेत्र से होकर गुजरता है, जहां धार्मिक अनुष्ठान, मेले और 84 कोसी परिक्रमा के दौरान श्रद्धालु नदी किनारे कल्पवास करते हैं। सुविधाओं के अभाव और नदी में गाद भरने से सरयू का स्वरूप प्रभावित हो रहा है। ऐसे में नदी की ड्रेजिंग कराकर चैनलाइजेशन कराया जाए, ताकि नदी का प्रवाह सुचारु रहे। विधायक के अनुसार, मुख्यमंत्री ने जनहित में विकास कार्य शीघ्र कराने का आश्वासन दिया है।