झंझरी। कोतवाली नगर पुलिस ने रेलवे स्टेशन से घर लौट रहे युवक का बैग लूटने की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 6,870 रुपये, आधार कार्ड और बैग बरामद कर लिया है।
नगर कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि महादेवा निवासी सुरेंद्र कुमार गिरि ने एफआईआर दर्ज थी। कहा कि 27 जून की रात करीब 2:30 बजे लखनऊ से ट्रेन से गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंचे। घर जाते समय जयनारायण चौराहे से आगे बड़गांव मार्ग पर बदमाशों ने उनका बैग लूट लिया था। बैग में 9,000 रुपये नकद, आधार कार्ड, एंड्रॉयड मोबाइल और कपड़े रखे थे।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और जांच के आधार पर रविवार को रेलवे स्टेशन से करीब 400 मीटर आगे रानीजोत मार्ग से साहिल अली निवासी महारानीगंज घोसियाना तथा राहुल वर्मा उर्फ गुड्डू निवासी विष्णुपुरी कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से बैग, आधार कार्ड और 6,870 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। यहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।