गोंडा। जिले की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए दो इंटर कॉलेजों के खेल मैदानों में नौ करोड़ 84 लाख रुपये से मिनी स्टेडियम तैयार किए जाएंगे। इनमें कोच की निगरानी में विभिन्न खेल गतिविधियों के आयोजन होंगे।
शहर के राजकीय इंटर कॉलेज के अदम गोंडवी खेल मैदान व कंसापुर स्थित अभिनव इंटर कॉलेज के खेल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रत्येक मिनी स्टेडियम के निर्माण पर चार करोड़ 92 लाख रुपये खर्च होंगे। स्टेडियम में वाॅलीबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग आदि खेलों की सुविधा उपलब्ध रहेगी। भवन में शौचालय, चेंजिंग रूम, वार्म-अप जोन, प्रशासनिक कार्यालय, स्वागत क्षेत्र और प्राथमिक चिकित्सा आदि सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मिनी स्टेडियम में कोच की निगरानी में खिलाड़ी अभ्यास कर सकेंगे। जिससे खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। वहीं, दोनों स्टेडियम में रनिंग ट्रैक, जिम और मल्टीपरपज फिटनेस केयर हाॅल जैसी अतिरिक्त सुविधाएं आम लोगों के शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होंगी।
बजट मिलते ही शुरू होगा काम
मिनी स्टेडियम निर्माण की शासन स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद कार्यदायी संस्था यूपी सिडको को निर्माण का जिम्मा दिया गया है। बजट मिलते ही दोनों स्टेडियम का निर्माण प्रारंभ हो जाएगा।
-डॉ. रामचंद्र, जिला विद्यालय निरीक्षक