करनैलगंज। भैंस चोरी की घटनाओं में संलिप्त गिरोह के दो बदमाशों को करनैलगंज और परसपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की भैंसों की बिक्री से मिले 4100 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
सीओ आनंद कुमार राय ने बताया कि बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने छितौनी गांव के पास घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान सीतापुर जिले के महमूदाबाद थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर निवासी राका और सलमान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने भैंस चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। उन्होंने 24 अक्तूबर की रात घरकुइयां गांव से दो भैंस और 22 अक्तूबर की रात परसपुर के शाहपुर गांव से भी दो भैंस चोरी करने की बात कबूल की। आरोपी रात में भैंसों को पिकअप पर लादकर बेच देते थे। बिक्री से मिली रकम आपस में बांट लेते थे।