ग्राम्य विकास महापरिषद के आह्वान पर बुधवार को सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर दो घंटे कार्य ठप रहा। प्रादेशिक विकास सेवा संगठन, ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन, ग्राम विकास मिनिस्ट्रीयल, तकनीकी सहायक बेलफेयर, ग्राम रोजगार सेवक संघ व डीआरडीए स्टाफ एशोसिएसन के बैनर तले ब्लॉक कर्मियों ने ब्लॉक कार्यालयों में ताला लगा कर उसके समक्ष प्रदर्शन किया।
सुबह 10 बजे इटियाथोक ब्लॉक कार्यालय खुलते ही कर्मियों ने आंदोलन शुरू कर दिया। प्रभाकर शुक्ला, राजेंद्र मिश्र, विकास मिश्र की अगुवाई में ब्लॉक कार्यालय पर ताला लगा दिया और कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। रुपईडीह ब्लॉक में राघवेंद्र मिश्र, प्रवेश शुक्ल, सुखदेव तिवारी की अगुवाई में प्रदर्शन किया गया। दस बजे से 12 बजे तक विकास कार्य ठप रहा।
नवाबगंज में ग्राम्य विकास महापरिषद के आह्वान पर बुधवार को ब्लॉक के गेट पर ताला लगाकर ग्राम्य विकास महापरिषद संगठन के बैनर तले आयोजित प्रादेशिक विकास सेवा संगठन, ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन, ग्राम विकास मिनिस्ट्रीयल, तकनीकी सहायक बेलफेयर, ग्राम रोजगार सेवक संघ व डीआरडीए स्टाफ एशोसिएसनन के लोगों ने दो घंटे तक सांकेतिक धरना दिया। इससे ब्लॉक में होने वाले कार्य बाधित रहे।
आंदोलन की अगुवाई कर रहे जिला उपाध्यक्ष जय प्रताप सिंह ने चेतावनी दी कि जब तक पीडीएस संवर्ग के अधिकारियों की बहाली, मनरेगा कर्मियों, रोजगार सेवकों के नियमतीकरण, कंप्यूटर आपरेटर्स, तकनीकी सहायकों को जब तक उनका हक नहीं मिल जाता, संगठन का धरना व प्रदर्शन जारी रहेगा।
धरने की अध्यक्षता बीडीओ नवाबगंज कर्ताराम यादव ने किया। संचालन महापरिषद के ब्लॉक अध्यक्ष हृदय नरायन सिंह ने किया। मनकापुर में ब्लॉक मुख्यालय के मुख्य गेट पर बुधवार सुबह ग्राम्य विकास महापरिषद समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने सामूहिक बैठक की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी बीडीओ अटल बिहारी वर्मा ने बताया कि कतिपय संवर्गों द्वारा निहित स्वार्थवश आमजन में भ्रम फैलाकर ब्लाकों की संरचना को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है जिसका महापरिषद पुरजोर विरोध करेगा। परसपुर विकास खंड कार्यालय के सामने विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने एकत्र होकर गेट मीटिंग की। ब्लॉक का गेट दोपहर 12 बजे खुला।
रूपनरायन भारती, हरीश पाठक तथा बृजेश कुमार शुक्ला सहित तमाम कर्मचारी उपस्थित रहे। करनैलगंज में अपनी मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश ग्राम्य विकास महापरिषद के बैनर तले ग्राम विकास विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बुधवार को ब्लॉक पर गेट मीटिंग किया। इसकी अध्यक्षता बीडीओ रणजीत गुप्त ने की।