झंझरी/नवाबगंज। नगर कोतवाली इलाके में मिश्रौलिया ओवरब्रिज के पास मंगलवार रात पैदल जा रहे बिमौर गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार पांडेय (55) की सिलिंडर लदे ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं, नवाबगंज में कटरा शिवदयालगंज-बस्ती मार्ग पर बुधवार दोपहर पेट्रोल पंप के पास फत्तेपुर बाबापुरवा निवासी रामचंदर शर्मा (65) की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई।
बिमौर गांव निवासी किसान धर्मेंद्र कुमार पांडेय मंगलवार रात आठ बजे पैदल गल्ला मंडी की तरफ जा रहे थे। मिश्रौलिया ओवरब्रिज के पास पीछे से आ रहे सिलिंडर लदे ट्रक की चपेट में आने से कुचलकर मौके पर ही उनकी मौत हो गई। चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। इंस्पेक्टर विवेक त्रिवेदी ने बताया कि मृतक के बेटे चंदन पांडेय की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।ट्रक कब्जे में लेकर चालक का पता लगाया जा रहा है।
नवाबगंज के फत्तेपुर बाबापुरवा निवासी रामचंदर शर्मा बुधवार दोपहर 12:30 बजे कटरा शिवदयालगंज-बस्ती मार्ग पर सड़क के किनारे पैदल जा रहे थे। एक पेट्रोल पंप के पास ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की पीछे से टक्कर लग गई। रामचंदर की मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रैक्टर-ट्राॅली छोड़कर भाग गया। प्रभारी थानाध्यक्ष विश्वास चतुर्वेदी ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में लेकर चालक का पता लगाया जा रहा है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
धर्मेंद्र पांडेय के परिवार में पत्नी, बेटा व दो बेटियां हैं। वह खेती-किसानी कर परिवार का गुजारा करते थे। मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, रामचंदर शर्मा के परिवार में बेटा धर्मेंद्र शर्मा है। रामचंदर की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। मौत से बेटे समेत परिजनों की आंखें नम हैं।