गोंडा। रेलवे कर्मी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद महकमे में खलबली मची है। कोरोना संक्रमित रेलवे कर्मी के साथ रहे दो कर्मियों को ड्यूटी से रोक दिया है और उन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। दोनो के सैंपल की जांच कराई जा रही है। इसके अलावा रैंडम सैंपलिंग के अभियान को जोर कर दिया गया है। जिले में हर दिन 300 से 400 लोगों के सैंपल की जांच हो रही है।
बीते शाम को एक रेलवे कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिला था। रेल कर्मचारी गोंडा रेलवे लोको लाबी में सहायक लोको पायलट पर तैनात है। यह शहर के बस स्टैंड के पास आजाद नगर कॉलोनी में रहता है। यह कर्मी मालगाड़ी ट्रेनों को चलाने का कार्य करता है। कर्मी गत एक जुलाई को लोको लाबी पहुंच कर ड्यूटी की और इसी दिन दोपहर को अपने साथी लोको पायलट के साथ एक लोको को लेकर गंगाधाम रेलवे स्टेशन गया। इसके पश्चात कमियों ने लोको को पुन: गंगाधाम रेलवे स्टेशन से वापस इसी दिन को करीब शाम 6 बजे रेलवे लोको लाबी पहुचंकर अपनी ड्यूटी ऑफ की।
सहायक लोको पायलट अपने घर शहर के आजाद नगर तथा साथी लोको पायलट अपने घर धलौनी गांव चला गया। दो जुलाई को सहायक लोको पायलट को बुखार व अन्य रोग को दिखाने के लिए रेलवे अस्पताल के डॉक्टर ने जिला अस्पताल के लिए भेज दिया। जिला अस्पताल में सैंपल लेने के बाद फिर उसे घर भेज दिया गया। रेलवे अस्पताल के उप चिकित्सा अधीचक व गोंडा रेलवे के कोरेना के नोडल अधिकारी डॉ. सरोज कुमार मिश्र ने बताया कि संक्रमित रेलकर्मी के दो साथी कर्मचारियों को ड्यूटी से मुक्ति करके उन्हें 14 दिन के होम क्वारंटीन कर दिया गया है। जिसमें एक लोको पायलट है जो कि खैरा रेलवे कॉलोनी का रहने वाला है, जबकि दूसरा कर्मी गार्ड है जो कि धलौनी गांव का रहता है।
शहर में बढ़ता जा रहा है कोरोना का दायरा
शहर में लगातार कोरोना संक्रमण का दायरा बढ़ता जा रहा है। पहले रानी बाजार में मरीज के सामने आने के बाद पटेलनगर में कोरोना मरीज मिले थे। इसके बाद मालवीय नगर और फिर विष्णुपुरी कॉलोनी में मरीज सामने आए। बीते दिनों सिंचाई कॉलोनी में भी एक युवक संक्रमित मिला है, महारानीगंज का निवासी एक युवक भी संक्रमित मिल चुका है। इस तरह अब बस स्टाप के पास स्थित आजाद नगर कॉलोनी में एक मरीज के मिलने से खलबली मची है। अभी खौरा कॉलोनी में कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए व्यक्ति को होम क्वारंटीन किया गया है।
रविवार को रही बंदी, सोमवार को खुलेंगी दुकानें
कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रशासन को रविवार को बंदी कर रखा है। इसमें दुकानें तो बंद रहती हैं लेकिन लोग घूमते दिख रहे हैं, जिस तरह अनलॉक टू की गाइडलाइन में दुकानें खुल रही हैं उससे सोशल डिस्टेंसिंग टूटता दिख रहा है। अब शहर में लगातार संक्रमित मरीज मिलने से लोगों को सावधानी बरतनी होगी। सोमवार को दुकानें खुलेंगी और बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुुंचेंगे। प्रशासन की ओर से लगातार अपील की जा रही है कि बेवजह न घूमे और भीड़ न लगाएं। इसके बावजूद भी लोगों की अनदेखी से संक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है।
सैंपल देने के बाद लोगों का बाहर घूमना पड़ सकता है भारी
रेंडम सैंपलिंग से बड़ी संख्या में लोगों की जांच हो रही है। सैंपल लेने के बाद रिपोर्ट आने तक लोगों को होम क्वारंटीन रहने की सलाह दी जा रही है लेकिन इसका पालन लोग नहीं कर रहे है। इससे संक्रमण बढ़ने का खतरा बढ़ गया है। सबसे अहम तो यह है कि जिनके अंदर लक्षण होता है और सैंपल देते हैं वह भी घूमा करते हैं। ऐसा तब है जब उन्हें कोरोना प्रोटोकाल के पालन की सख्त हिदायत है। रेलवे कर्मी भी सैंपल देने के बाद कई जगह घूमा और सिंचाई कॉलोनी का युवक भी कई लोगों के संपर्क में रहा।