गोंडा। कोराना संक्रमण के नए मामले में कमी जरूर आ रही है, लेकिन संक्रमितों के मौतों का सिलसिला थमने का नाम नही ले रहा है। बुधवार को लखनऊ मे भर्ती कोरोना संक्रमित शिक्षामित्र व जिले के कोविड अस्पताल में भर्ती एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई तथा 10 नए कोरोना संक्रमित पाए गये। वहीं 22 कोरोना संक्रमित अस्पताल व होम आइसोलेशन में रहकर स्वस्थ्य हुए।
कोरोना संक्रमण की रफ्तार भले ही जिले में कम हो गई हो लेकिन महीनों से चला आ रहा लोगों के मौतों का सिलसिला थमने का नाम नही ले रहा है। पिछले एक महीने में 161 लोगों की कोरोना संक्रमण की वजह से मौत हो चुकी है।
वहीं अब तक 300 से अधिक कोरोना जैसे लक्षण से पीड़ित व्यक्ति की मौत हुई है। हालांकि इनकी जांच न हो पाने के कारण इनमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि नही हो पाई है। बुधवार को कटरा बाजार के प्राथमिक विद्यालय नारायणपुर कला के शिक्षामित्र बदनलाल की इलाज के दौरान मौत हो गई।
शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष अवधेशमणि मिश्र ने बताया कि बदनलाल कोरोना संक्रमण संक्रमित होने के बाद लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती थे जहां उनका इलाज के दौरान मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के पदाधिकारियों ने मृतक के घर जाकर शोक संवेदना व्यक्त किया तथा सरकार से मृतक शिक्षामित्र के परिवार को अनुकंपा के आधार पर नौकरी व एक करोड रुपये देने की मांग की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अवधेश मणि मिश्र, महामंत्री शिवमूर्ति पांडेय, उपाध्यक्ष सत्यब्रत सिंह, मंत्री अभिमन्यु प्रसाद मिश्र, कृष्ण कुमार पाण्डेय आदि उपस्थित रहे। वहीं कोविड अस्पताल में भर्ती एक लोग की मौत हुई है।