गोंडा। कोरोना संक्रमण लगातार जानलेवा होता जा रहा है। सोमवार को वन दरोगा समेत दो लोगों की कोरोना से मौत हो गई। वहीं 166 नए मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
कोरोना संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। हर रोज सैकड़ों संक्रमित मिलने के साथ ही मौत भी हो रही है। सोमवार शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती वन दरोगा व उसी अस्पताल में भर्ती शहर के हाजी असद की मौत हो गई है। वहीं 166 नए संक्रमित मिलने के साथ ही सक्रिय कोरोना संक्रमितों की संख्या 1398 तक पहुंच गई।
कोरोना संक्रमण के गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य संक्रमितों को विभाग के निगरानी में होम आइसोलेशन में रखा गया है। अब तक कोरोना से 85 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं जिले में सक्रिय कंटेंटमेंट जोन की संख्या 81 कर दी गयी है।
हॉटस्पॉट बनी आवास विकास कॉलोनी, पांच दिन में 65 संक्रमित
शहर का आवास विकास कॉलोनी कोरोना का हॉटस्पॉट बन गया है। सोमवार को आई रिपोर्ट के अनुसार अकेले आवास विकास मोहल्ले में ही 11 संक्रमित पाए गए। वहीं पिछले पांच दिनों में इस मोहल्ले में 65 संक्रमितों की पुष्टि हुई।
अधिकांश लोग कोरोना संक्रमित के संम्पर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। इस कालोनी में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। स्वास्थ्य विभाग संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की जांच करा रहा है। संक्रमित के घर को सैनिटाइज करने का काम कर रहा है।
कोविड प्रोटोकाल का करें पालन
कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है और लोग अभी भी लापरवाही बरत रहे हैं। ऐसा ही रहा तो विदेशों से भी बदतर हालत हो जाएगी। आज जरूरी है कि लोग कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन करें। चेहरों पर मास्क लगाएं और बार-बार साबुन से हाथ धोते रहें। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और जाना पड़े तो सामुदायिक दूरी का ध्यान रखें। - डॉ. मनोज कुमार, डिप्टी सीएमओ