गोंडा से गोरखपुर जा रही डाउन मालगाड़ी मंगलवार शाम को साढ़े छह बजे गोंडा रेलवे यार्ड से बरुआ चक के लिए निकली ही थी कि पूर्वी केबिन के पास लाइन नौ पर दो डिब्बे पटरी से उतर गए। इससे गोंडा- गोरखपुर के डाउन ट्रैक का संचालन बाधित हो गया।
अपर मंडल रेल प्रबंधक सुरेश कुमार सपरा ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
बताया जाता है कि पांच जुलाई को रात में गोंडा यार्ड से बेतिया जा रही बेतिया डाउन मालगाड़ी यार्ड से आठ बजकर 45 मिनट पर बरुआ चक के लिए निकली ही थी कि पूर्वी केबिन के पास लाइन नंबर दस पर उसके तीन डिब्बे उतर गए थे। इसमें भी डाउन ट्रैक बाधित रहा।
मंगलवार की घटना में केवल ट्रैक बदला हुआ, लेकिन स्थान वहीं है। इससे लगातार दो दिन के अंदर दो बार मालगाड़ियों के पलटने से रेलवे के सेफ्टी पर सवाल उठने लगे हैं। दोनों घटनाओं में मालगाड़ियों के डिब्बों में गेहूं लदा था। वरिष्ठ स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। इस कारण डाउन ट्रैक बाधित है, जिसे बहुत जल्द ही बहाल कर दिया जाएगा।