गोंडा। मनकापुर पुलिस ने नौ माह पहले हुई युवक की हत्या के मामले में आरोपी बहनोई समेत दो लोगों को रविवार को गिरफ्तार किया है।
मनकापुर के एलनपुर ग्रंट गांव निवासी अमिरका मिश्र के बेटे पवन मिश्र की शादी मसकनवा की रहने वाली एक युवती से तय हुई थी। 24 नवंबर 2021 को पवन का तिलक समारोह था। जिसकी खरीददारी के लिए वह 23 नवंबर को घर से निकला था। उसने खरीददारी के लिए अपनी होने वाली पत्नी को भी फोन करके बुलाया था। मगर वह नहीं पहुंची।
देर शाम तक जब पवन घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश की। 24 नवंबर 2021 को उसका शव छपिया में मछमरवा गांव के पास रेल ट्रैक के किनारे मिला था। पवन की मां उर्मिला ने कोतवाली मनकापुर में दामाद सुमित पाठक निवासी बेलहनिया दर्जीजोत व उसके साथी मनीष मिश्र निवासी छितवनी थाना डीडई शिवनगर, सिद्धार्थनगर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसपी आकाश तोमर ने बताया कि दोनों अभियुक्तों को रविवार को मनकापुर इंस्पेक्टर मनोज कुमार राय ने गिरफ्तार किया है।