तरबगंज। नरायनपुर असई पुरवा में किसान उमानाथ की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। नामजद चार आरोपियों में से दो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उधर, पोस्टमार्टम के बाद सोमवार देर शाम जब उमानाथ का शव घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को उमानाथ (58) अपने छोटे भाई रामनाथ के साथ बाइक से जा रहे थे। तभी सिंगहाचंदा बाग के पास पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने दोनों भाइयों पर लोहे की रॉड व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार को उमानाथ की मौत हो गई। रामनाथ का इलाज अभी चल रहा है।
मृतक की पत्नी मालती देवी की तहरीर पर गांव के मनोज, जितेंद्र, ऊदल और मलखान के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। कोतवाल श्रीधर पाठक ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।