भगवानपुर जलाशय का बांध कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे तुलसीपुर नगर सहित 20 गांवों पर खतरा मंडराने लगा है। यदि बांध की समय से मरम्मत नहीं कराई गई तो तुलसीपुर नगर सहित करीब 20 गांव पानी में डूब जाएंगे। लोगों ने डीएम को पत्र भेजकर बांध की तत्काल मरम्मत कराने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
क्षेत्रवासी सुखसागर, दीनदयाल, अवधेश, मनीराम, कैराती, राजू, संजय, आलोक, अजय व महेश आदि ने डीएम को भेजे मांगपत्र में कहा है कि तलसीपुर नगर से करीब छह किलोमीटर की दूरी पर स्थित भगवानपुर जलाशय का बांध कई जगहों पर जर्जर हो गया है। बांध पर तीन से चार फुट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं।
यदि समय रहते बांध की मरम्मत नहीं कराई गई तो बारिश के समय बांध का अस्तित्व समाप्त हो सकता है। बांध टूट जाने पर तुलसीपुर नगर सहित भगवानपुर, मदरहवा, लौकीखुर्द, नगई, पिपरी, दुर्गा नगर, सेमरी, मनकौरा काशीराम, कानूनगो मनकौरा, चरगहिया, रहमरवा, जीतपुर व गनवरिया सहित करीब 20 गांव डूब जाएंगे। लोगों ने डीएम से तत्काल बांध मरम्मत का कार्य शुरू कराने की मांग की है, जिससे भारी तबाही को रोका जा सके।
भगवानपुर जलाशय के क्षतिग्रस्त बांध की मरम्मत कराने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। बजट मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है। बजट मिलने के बाद तत्काल बांध की मरम्मत का काम शुरू करा दिया जाएगा। जलाशय में क्षमता से अधिक पानी नहीं रोका जाता है। तबाही का कोई खतरा नहीं है।
पवन कुमार, अवर अभियंता सिंचाई विभाग
भगवानपुर जलाशय के बांध की जर्जर स्थिति के बारे में लोगों ने शिकायत की है। तुलसीपुर एसडीएम केशवनाथ गुप्ता को मौके का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। एसडीएम की रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-प्रीति शुक्ला, डीएम बलरामपुर