तुलसीपुर व हरैया सतघरवा ब्लॉकों में दूसरे चरण का पंचायत चुनाव कराने के लिए प्रशासन की तैयारी पूरी हो गई है। 30 नवंबर को 531 पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। एक दिसंबर को दोनों ब्लॉकों में 211 ग्राम प्रधान व 2681 सदस्य सीटों पर चुनाव कराया जाएगा।
रविवार को दोनों ब्लॉकों में पोलिंग पार्टियों को चुनाव का प्रशिक्षण दिया गया। शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सुपर जोनल, जोनल, सह जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ-साथ पैरा मिलेट्री एवं सशस्त्र सुरक्षा बलों को तैनात किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम प्रीति शुक्ला ने रविवार को बताया कि एक दिसंबर को जिले में दूसरे चरण का चुनाव तुलसीपुर व हरैया सतघरवा ब्लॉकों में कराया जाएगा।
तुलसीपुर ब्लॉक में ग्राम प्रधान के 101 व ग्राम पंचायत सदस्य के 1301 और हरैया सतघरवा ब्लॉक में ग्राम प्रधान के 110 व सदस्य के 1380 पदों पर चुनाव होगा।
शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए दोनों ब्लॉकों में एक-एक सुपर जोनल मजिस्ट्रेट के साथ-साथ तुलसीपुर में दो-दो जोनल व सह जोनल मजिस्ट्रेट, हरैया सतघरवा ब्लॉक में तीन-तीन जोनल व सह जोनल मजिस्ट्रेट लगाए जाएंगे। दोनों ब्लॉकों में 15-15 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात किए जाएंगे।
तुलसीपुर ब्लॉक में 12 व हरैया सतघरवा ब्लॉक में 14 सहायक निर्वाचन अधिकारियों को भी तैनात किया गया है। डीएम ने सीडीओ अखंड प्रताप सिंह और एडीएम शिवपूजन को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान कराने के लिए पूरी तैयारी करने का निर्देश दिया है।
हरैया सतघरवा ब्लॉक में रामलाल मोहन लाल इंटर कॉलेज शिवपुरा से 276 व तुलसीपुर ब्लॉक में कृषि उत्पादन मंडी समिति से 255 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा।
एसपी डॉ. उमेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि चुनाव में बाधा पहुंचाने वाले अराजक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पैरामिलेट्री फोर्स के साथ-साथ सभी मतदेय स्थलों पर सशस्त्र सुरक्षा बलों को तैनात किया जाएगा।