गोंडा। ट्रक से गिट्टी उतारने आए एक क्लीनर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि ग्राम चरहुवां मोड़ के बगल में सरकारी गोदाम की जमीन पर एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर मिले ट्रक चालक कालू निवासी थाना मंडी, जनपद शामली ने पुलिस को बताया कि वह उत्तराखंड से गिट्टी लादकर सोमवार को यहां पहुंचा। गिट्टी उतारने के लिए कई मजदूर आए थे। मगर उसके क्लीनर शंकर सिंह (30) निवासी मिहींपुरवा, थाना मोतीपुर, बहराइच ने कहा कि 1500 रुपये मिल जाएं तो वह अकेले ही गिट्टी उतार देगा। इसके बाद वह गिट्टी उतारने लगा। कुछ देर बाद शंकर आराम करने चला गया। घंटों बीतने पर जब शंकर को जगाने का प्रयास किया गया तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है। देर रात तक उनके आने की संभावना है। बताया कि ट्रक व चालक को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।