गोंडा। ग्राम पंचायत गंगरौली की रहने वाली एक विवाहिता को मार डालने का आरोप लगाते हुए थाना उमरी बेगमगंज में पति समेत दो लोगों के खिलाफ दहजे हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तरबगंज क्षेत्र के डिडिसिया कला गांव निवासी रमेश कुमार ने थाना उमरी बेगमगंज में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा उसने अपनी बेटी नीलम (26) की शादी आठ जून 2019 को उमरी बेगमगंज के गंगरौली गांव निवासी सरजू प्रसाद के बेटे मुकेश कुमार से की थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही पति मुकेश व सास दहेज के लिए उसकी बेटी को पीटा करते थे। आरोप है कि मंगलवार सुबह ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर नीलम को मार डाला। रमेश ने बताया कि उसने मंगलवार सुबह बेटी को कई बार फोन लगाया। मगर उससे बात नहीं हो पाई। इस पर वह बेटी की ससुराल पहुंचा तो उसका शव बिस्तर पर पड़ा मिला। उमरी बेगमगंज थानाध्यक्ष संजीव वर्मा ने बताया कि नीलम के पिता की तहरीर पर पति मुकेश कुमार व सास के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है।