करनैलगंज (गोंडा)। बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई है। 24 घंटे में 26 बार ट्रिपिंग और कई घंटे की कटौती के बीच कई किस्तों में महज 10 घंटे ही बिजली मिलने से लोग परेशान हैं। स्थानीय नागरिक मिथलेश, रज्जब, अशोक, गोपाल आदि का कहना है कि बिजली कटौती के चलते इनवर्टर भी चार्ज नहीं हो पाता है। 15 मिनट बिजली आती है आधे घंटे के लिए कट जाती है। इससे गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपखंड अधिकारी आकाश श्रीवास्तव का कहना है कि कुछ तकनीकी खराबी के चलते बिजली आपूर्ति में बाधा आई है। जिसे ठीक कराने का काम चल रहा है। (संवाद)
कटौती से ब्लॉक का काम प्रभावित
बेलसर (गोंडा)। अघोषित बिजली कटौती से ब्लॉक में कंप्यूटर से होने वाले काम ठप हैं। एपीओ मनरेगा पूनम शुक्ला ने बताया दो दिन से कई घंटे कटौती हो रही है। इससे कंप्यूटर बंद है। मनरेगा सहित अन्य कामकाज प्रभावित हैं। बिजली विभाग के अवर अभियंता आमोद कुमार सिंह ने बताया कि सुबह 09:15 से दोपहर 12:15 बजे तक और दोपहर में 02:25 से 05:25 बजे तक कटौती चल रही है। (संवाद)