तेज आंधी और बारिश के दौरान शुक्रवार को कौड़िया मिश्र गांव में यूकेलिप्टस का पेड़ टूटकर गिरने से उसके नीचे दबकर एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। आंधी व बरसात के कारण आठ लोगों के छप्पर के घर गिरकर ध्वस्त हो गए। आंधी से पांच लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
अचानक आई तेज आंधी और बारिश के कारण शुक्रवार की दोपहर बाद कौड़िया थाना क्षेत्र के कौड़िया मिश्र गांव में यूके लिप्टस का एक पेड़ टूटकर गिर गया। जिससे पेड़ के नीचे दबकर गांव निवासी रामजियावन की पत्नी नयनावती (35) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पेड़ की चपेट में आने से रामजियावन (40) और पड़ोसी भगवानदीन के छप्पर के घर पर पेड़ की डाल गिरने से उसकी पत्नी रामदुलारी (40) गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों का निजी चिकित्सक के यहां इलाज कराया गया है।
तेज आंधी और बरसात से गांव के ही रहने वाले परशुराम, जगतराम, ननके, राघवराम व भगौती के छप्पर के घर ध्वस्त हो गए। आंधी से पांच लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी है।
थानाध्यक्ष कौड़िया मनीष पांडेय ने बताया कि महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उपजिलाधिकारी सदर जगदीश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने पर दैवीय आपदा कोष से पीड़ित परिवारीजनों को सहायता दिलाई जाएगी। महिला की मौत होने से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।