गोंडा। देवीपाटन मंडल में परिवहन विभाग की जांच में सामने आया है कि करीब 2300 ऑटो, टेंपो और अन्य तिपहिया वाहनों के परमिट समाप्त हो चुके हैं। इन वाहनों का कोई पता नहीं चल पा रहा है। विभाग अब इनके खिलाफ नए सिरे से अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है।
परिवहन अधिकारियों के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में ई-रिक्शा की संख्या बढ़ने से ऑटो और टेंपो की मांग घटी है। इसी कारण बड़ी संख्या में वाहन मालिकों ने परमिट का नवीनीकरण नहीं कराया। समाप्त परमिट वाले तिपहिया वाहनों के मालिकों को दो बार नोटिस भेजे जा चुके हैं।
आरटीओ (प्रशासन) राजेश मौर्य ने बताया कि अब इनके परमिट निरस्त करने का प्रस्ताव क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) की बैठक में रखा जाएगा। बिना परमिट और अनफिट स्कूली वाहनों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।