धानेपुर/इटियाथोक। भीषण गर्मी और बढ़ते लोड के बीच धानेपुर विद्युत उपकेंद्र का 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर मंगलवार शाम अचानक फुंक गया। ट्रांसफार्मर खराब होने से करीब दो लाख लोगों को आठ घंटे तक बिजली संकट से परेशान होना पड़ा। इटियाथोक, परसपुर और करनैलगंज क्षेत्रों में लो-वोल्टेज और लगातार हो रही कटौती से उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी।
धानेपुर बाजार में मंगलवार शाम करीब सात बजे अचानक बिजली आपूर्ति बंद हो गई। यहां रहने वाले शंकर ने बताया कि लंबे समय तक आपूर्ति बहाल न होने पर जब उपकेंद्र से संपर्क किया गया तो पता चला कि 10 एमवीए ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण फुंक गया है। इस वजह से धानेपुर कस्बे के साथ देवरिया अलावल, बाबागंज, लोहसीसा और नौसी फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में आपूर्ति ठप हो गई।
अवर अभियंता ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि अत्यधिक बिजली खपत के कारण सभी फीडर ओवरलोड चल रहे हैं। ट्रांसफार्मर खराब होने से आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई। किसी तरह बुधवार भोर चार बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। इसी दौरान विशंभपुर कुट्टी में भी एक ट्रांसफार्मर फुंक गया।
उधर, उमस और तेज गर्मी के बीच सिंगल फेसिंग की समस्या ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इटियाथोक के बेलवा कर्मडीह, बगाही, सेखुई अर्जुनपुर, पारासराय और टाउन क्षेत्र के उपभोक्ता परेशान हैं। ओवरलोड के चलते रात में फीडरों पर चार-चार घंटे की कटौती की जा रही है और दो-दो फीडरों को बारी-बारी से चलाया जा रहा है। आशीष मिश्र, अलखराम गुप्त, आशाराम मौर्य और भोला मौर्य ने बताया कि शाम होते ही बार-बार बिजली काट दी जा रही है।