बेलसर डाकघर सहित 16 ब्रांचों में जमा-निकासी न होने से करीब एक लाख उपभोक्ता परेशान हैं। 15 जनवरी से 16 पोस्ट ऑफिसों में लेनदेन प्रभावित है। बेलसर डाकघर के अधीन 16 ब्रांच हैं। बेलसर सहित सभी ब्रांचों को सीबीएस शाखा बनाने के लिए 15 जनवरी से लेनदेन की प्रक्रिया रोक दी गई है, जिससे हजारों उपभोक्ताओं का करोड़ों रुपये का भुगतान नहीं हो पा रहा है।
उपभोक्ता विजय बहादुर तिवारी ने बताया कि उनको 21 जनवरी को 76000 रुपये का भुगतान बेलसर डाकघर से मिलना था, परंतु भुगतान नहीं मिल सका।
दयानंद शिक्षा संस्थान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद तिवारी ने बताया कि उन्हें मंगुरा पोस्ट ऑफिस से 10 जनवरी को 14000 रुपये का भुगतान मिलना था, परंतु लेनदेन न होने से भुगतान नहीं हो सका।
बेलसर पोस्ट ऑफिस के अधीन 16 उप ब्रांच हैं। इसमें मंगुरा बाजार, सुसुंडा, नीरपुर, बकसैला, लिलोईकला, सिसई, चंगेरी, डिडिसियाकला, उमरापुर चौहान, नगदही, परसदा, बडनापुर, आदमपुर, देवरदा, बरसड़ा व गोपीपुर शामिल है। इन उप ब्रांचों में औसतन 500 से 800 के बीच खाते संचालित हो रहे हैं।
अकेले मंगुराबाजार ब्रांच में इस समय 810 खाते संचालित हो रहे हैं। पोस्ट मास्टर पारसनाथ सिंह ने बताया कि 550 आरडी, 200 एसबी, 20 टीडी सुकन्या के खाते संचालित हो रहे हैं, जिनसे करीब लाखों रुपयेे की जमा-निकासी होती है।
बेलसर पोस्ट ऑफिस के उप डाकपाल अजीत कुमार पांडेय ने बताया कि 17 जनवरी से ब्रांच को सीबीएस बनाने की प्रक्रिया शुरू होनी थी। इसलिए डाटा निकालने के लिए 15 जनवरी से कार्य रोक दिया गया था।
20 जनवरी को ब्रांच को सीबीएस कर दिया गया है। जल्द ही सिस्टम को सही कर उपभोक्ताओं को त्वरित गति से भुगतान किया जाएगा।