कटरा बाजार के भगहरिया पूरे मितई गांव में पहुंचे अफसर। स्रोत: सोशल मीडिया
माधोपुर। सम्मिलित राज्य व प्रवर अधीनस्थ सेवा के 46 प्रशिक्षु लोअर पीसीएस व पीसीएस अधिकारियों ने रविवार को कटरा बाजार विकासखंड के भगहरिया पूरे मितई गांव का भ्रमण किया। प्रशिक्षुओं ने गांव में संचालित विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत देखी और ग्रामीणों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली।
भ्रमण के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने पंचायत भवन, प्राथमिक विद्यालय, अंत्येष्टि स्थल, अन्नपूर्णा भवन, प्रधानमंत्री आवास, आंगनबाड़ी केंद्र और स्वयं सहायता समूह की गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन, व्यवस्थाओं और ग्रामीणों की भागीदारी के बारे में जानकारी ली।
जिला विकास अधिकारी डॉ. आदित्य तिवारी ने बताया कि प्रशिक्षु अधिकारियों का जिले में 21 से 23 सितंबर तक अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य उन्हें प्रदेश के सामाजिक, विकासात्मक और अवस्थापना संबंधी परिदृश्य से परिचित कराना है। इस दौरान परियोजना निदेशक सुशील पांडेय, अभिषेकमणि तिवारी, आकांक्षा सिंह, जनार्दन प्रसाद, अभय रमन आदि अधिकारी मौजूद रहे। (संवाद)