गोंडा। रक्सौल से दिल्ली जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस (15273) से शनिवार रात आठ बजे छिटनापुर क्रॉसिंग के पास चेन पुलिंग कर उतरे दो युवक ट्रेन में आग लगने की अफवाह उड़ाकर भाग गए। इससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। रेलवे कर्मचारियों ने पूरी ट्रेन की जांच की। करीब 25 मिनट बाद ट्रेन को रवाना किया गया। अफरातफरी के बीच कोच से उतरे सात यात्रियों की ट्रेन छूट गई।
गोंडा-करनैलगंज रेलखंड पर कठोला व मैजापुर स्टेशन के बीच छिटनापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार रात आठ बजे रक्सौल से आनंद विहार (दिल्ली) जाने वाली ट्रेन को दो युवकों ने चेन पुलिंग करके रोक लिया। एक कोच से उतरे दो युवकों ने भागते हुए तेज आवाज में कहा कि ट्रेन में आग लग गई है। आग लगने की अफवाह फैलते ही यात्रियों में ट्रेन से उतरने की होड़ मच गई। देखते ही देखते लगभग पूरी ट्रेन खाली हो गई। लोको पायलट ने उतरकर पूरी ट्रेन को चेक किया। करीब 25 मिनट बाद ट्रेन को रवाना किया गया। मगर शोरशराबे के बीच यात्री श्याम बाबू, विजय कुमार, सनी, कुनाल, रितु, दीपक व अजय की ट्रेन छूट गई। इन यात्रियों ने बताया कि वह दिल्ली जा रहे थे। बाद में ये सभी बस से दिल्ली रवाना हुए।
पूर्वाेत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि ट्रेन में आग की अफवाह पूरी तरह गलत थी। किसी यात्री ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी थी। रेलकर्मियों ने सभी बोगियों की चेकिंग करने के बाद ट्रेन को रवाना कर दिया।