गोंडा। अमरनाथ एक्सप्रेस के एस-3 कोच में रविवार शाम सांप होने की सूचना से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। गोंडा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर ट्रेन को करीब आधे घंटे रोककर आरपीएफ, जीआरपी और रेस्क्यू टीम ने कोच में सांप की तलाश की। सांप नहीं मिलने पर ट्रेन को रवाना किया गया। जम्मू तवी से गोरखपुर जा रही अमरनाथ एक्सप्रेस (12588) रात 08:13 बजे गोंडा स्टेशन पहुंची थी। सूचना पर डिप्टी एसएस कॉमर्शियल दीपक पांडेय, आरपीएफ निरीक्षक अनिरुद्ध राय और जीआरपी निरीक्षक पंकज कुमार यादव टीम के साथ पहुंचे। करीब आधे घंटे खोजबीन के बाद भी सांप नहीं मिला। इसके बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया। (संवाद)
ट्रेन में कराया गया सुरक्षित प्रसव
गोंडा। आनंद विहार टर्मिनल से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही ट्रेन (15726) के सामान्य कोच में सोमवार को यात्री शबीना को प्रसव पीड़ा हुई। ट्रेन गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंची तो एसीएमएस डॉ. एसके मिश्रा की निगरानी में मेडिकल टीम ने प्रसव कराया। शबीना ने बेटे को जन्म दिया है। जच्चा-बच्चा स्वस्थ हैं। मेडिकल टीम ने दोनों को दवाएं उपलब्ध कराकर आगे की यात्रा की अनुमति दी। (संवाद)