गोंडा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की टूटी ट्रॉली। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। काठगोदाम से हावड़ा जा रही काठगोदाम एक्सप्रेस (13020) शनिवार को दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। गोंडा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन जैसे ही पहुंची तो एक कर्मचारी की नजर फटी हुई ट्रॉली पर पड़ी। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ डिवीजन के अपर मंडल रेल प्रबंधक शिशिर सोमवंशी ने जांच का आदेश दिया है।
शनिवार सुबह 9:20 काठगोदाम एक्सप्रेस गोंडा रेलवे स्टेशन पर पहुंची। तभी कैरेज विभाग के कर्मचारी की नजर जनरल बोगी संख्या 122403 के नीचे लगे पहियों के बीच ट्रॉली पर पड़ी तो देखा कि वह फटी हुई थी। इसके बाद उमर अली ने कंट्रोल को मैसेज किया। इसके बाद ट्रेन को गोंडा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर करीब दो घंटे तक रोककर संबंधित डैमेज कोच को काटकर ट्रेन से अलग कर दिया गया। संबंधित कोच के यात्रियों को दूसरे कोच में शिफ्ट किया गया। इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। अपर मंडल रेल प्रबंधक शिशिर सोमवंशी ने बताया कि जांच के आदेश दिए गए हैं। गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
रेलकर्मी को मिलेगा सम्मान
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ डिवीजन के सीनियर डीएमई (कैरेज एंड वैगन) फरेंद्र कुमार ने कहा कि काठगोदाम एक्सप्रेस को दुर्घटना से बचाने वाले रेलकर्मी उमर अली को सम्मानित किया जाएगा। उनकी सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।