गोंडा। लगातार चल रहीं पछुआ हवा ने गलन को बढ़ा दिया है। कोहरे और ठंड की मार से ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लग रहा है। बुधवार को आठ ट्रेनें निर्धारित समय से कई घंटे देरी से गोंडा रेलवे स्टेशन पर पहुंचीं। इस वजह से यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
दो दिनों से चल रही पछुआ हवा ने गलन के साथ ठंड में इजाफा कर दिया है। लोगों के हाथ-पैर सुन्न हो जा रहे हैं। गलन का आलम यह है कि मानो कपड़ों पर पानी पड़ गया है। नौकरीपेशा के साथ ही मजदूर वर्ग को भी ठंड में काम-धंधे पर जाने में मुश्किलें हो रही हैं। ठंड के चलते लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। उधर, अत्यधिक कोहरे व ठंड के प्रकोप के कारण ट्रेनों का चक्का जाम हो गया है।
बुधवार को कुशीनगर सुपरफास्ट ट्रेन छह घंटे, सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक घंटे, गोरखपुर जनसाधारण एक्सप्रेस एक घंटे, आम्रपाली एक्सप्रेस एक घंटे, अवध एक्सप्रेस एक घंटे, मथुरा एक्सप्रेस एक घंटे, हमसफर एक्सप्रेस एक घंटे, चंपारण एक्सप्रेस एक घंटा देरी से गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंची। दूसरी ओर गोंडा से सीतापुर व गोरखपुर के बीच चलने वाली चार जोड़ी ट्रेनें निरस्त रहीं।
पाटलिपुत्र, मैलानी, अंत्योदय एक्सप्रेस आदि करीब आधा दर्जन एक्सप्रेस ट्रेनें निरस्त होने से दैनिक यात्रियों को काफी दिक्कतों उठानी पड़ीं। धानेपुर संवाद के अनुसार अलाव के नाम पर नगर पंचायत में मात्र दो स्थानों पर गैस हीटर की व्यवस्था की गई है जो नाकाफी है। मोहल्ले के लोग ठंड से बचने के लिए पन्नी, कागज और फूस जलाकर ठंड दूर भगाने को मजबूर हैं। सभासद भगवानदीन ने बताया कि अभी तक किसी भी वार्ड में अलाव की व्यवस्था नगर पंचायत ने नहीं कराई है। नगर में मात्र दो हीटर लगा कर काम चलाया जा रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मंशाराम वर्मा ने बताया कि पूरे नगर में करीब आठ गैस हीटर लगाया जाना है जो शीघ्र ही लग जाएगा। साथ ही अलाव की भी व्यवस्था कराई जाएगी।