गोंडा। रेलवे प्रशासन ने गोंडा यार्ड में जलभराव होने तथा इंजीनियरिंग कार्य के कारण 14 से 21 अक्तूबर के बीच तीन जोड़ी पैसेंजर ट्रेन को निरस्त कर दिया है। जबकि दो जोड़ी ट्रेनों को शार्ट टर्मिनल किया गया है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने गुरुवार शाम को बताया कि भारी वर्षा के कारण गोंडा रेलवे यार्ड में जलभराव हो गया है। इसलिए इंजीनियरिंग विभाग मरम्मत का कार्य कराएगा। जिसके कारण 14 से 21 अक्तूबर के बीच तीन जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त किया गया है।
जिसमें गोंडा से सीतापुर के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन (05091/05092), गोंडा से सीतापुर के बीच चलने वाली विशेष पैसेंजर ट्रेन ( 05453/05454) तथा गोंडा से गोरखपुर के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन (05031/05032) को निरस्त कर दिया गया है। दो जोड़ी ट्रेन को शार्ट टर्मिनल किया गया है।
जिसमें गोंडा से गोरखपुर तक चलने वाली विशेष पैसेंजर ट्रेन को गोंडा की बजाय मनकापुर व गोंडा से बढ़नी के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन को गोंडा की बजाय सुभागपुर रेलवे स्टेशन से संचालित किया जाएगा।