गोंडा। भरत मिलाप चौराहा स्थित कैंप कार्यालय में मंगलवार को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों को संगठन से जोड़ने और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के लिए जागरूक करने पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ व्यापारी नेता जगदीश रायतानी ने की। इस दौरान व्यापारियों और उद्यमियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
जिलाध्यक्ष भूपेंद्र प्रकाश आर्य ने बताया कि संगठन का 33वां स्थापना दिवस समारोह तीन सितंबर को लखनऊ के डॉ. भीमराव आंबेडकर सभागार में स्वदेशी व्यापारी कुंभ के रूप में मनाया जाएगा। इसके लिए स्थापना दिवस तक प्रदेशभर में स्वदेशी समर्थक अभियान चलाया जाएगा। बैठक में व्यापारियों ने सरकार के सामने कई सुझाव रखे।
इनमें वन नेशन, वन लाइसेंस व्यवस्था लागू करने, जीएसटी प्रणाली को सरल बनाने, नए उद्यमों को शुरुआती वर्षों में कर छूट देने और 50 लाख रुपये तक बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराने की मांग शामिल रही। जिला महामंत्री शिव कुमार सोनी ने कहा कि उद्यमियों को कारोबार विस्तार के लिए अनुकूल माहौल मिलना चाहिए, जिससे वे अनावश्यक कागजी प्रक्रियाओं में समय न गंवाएं।